blogspot.com भारत में कोरोना: कई राज्यों में लॉकडाउन, आज 81 नए मामले, कुल 396 हुई संख्या

ads

भारत में कोरोना: कई राज्यों में लॉकडाउन, आज 81 नए मामले, कुल 396 हुई संख्या


कोरोना वायरस के चलते दिल्ली समेत कई राज्यों में लॉकडाउन कर दिया गया है। आज कोरोना के 81 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 396 हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़कर 7 तक पहुंच गई है |

कोरोना: संक्रमितों की संख्या 396 हुई
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने रविवार को कुल 81 मामले सामने आने के बाद बताया कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमण की कुल संख्या 396 हो गई है। वहीं कोरोना की जांच के लिए अब तक कुल 18127 नमूने लिए गए हैं, जिनमें से 17237 नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है।


झारखंड में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन

झारखंड में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। इस दौरान सभी सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बंद रहेंगी। सभी दुकानें, कमर्शियल संस्थान, आफिस, फैक्टरी, गोदाम और साप्ताहिक बाजार भी बंद रहेंगे।

आंध्र प्रदेश में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन

दिल्ली, बिहार के बाद आंध्र प्रदेश में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर यह घोषणा की है।

पंजाब राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पंजाब में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। वहीं एक व्यक्ति की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो गई है।

देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 7 हुई

भारत में कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। वहीं कुल संक्रमित मामलों की संख्या 360 तक पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।

गोवा में तीन दिन के लिए बढ़ा जनता कर्फ्यू

गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने जनता कर्फ्यू को तीन दिन के लिए और बढ़ा दिया है।

डीजीसीए ने कहा दिल्ली में जारी रहेंगी उड़ानें

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित होने वाली घरेलू उड़ानें जारी रहेंगी। इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि लॉकडाउन के दौरान कोई भी विमान दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगा, लेकिन डीजीसीए ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश के अंदर दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित होने वाली घरेलू उड़ानें नियमित रूप से जारी रहेंगी और एयरपोर्ट काम करता रहेगा।

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए अलग व्यवस्था

कोरोनवायरस के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट की दो अदालतें सोमवार को वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए काम करेंगी। न्यायाधीश अपने संबंधित न्यायालयों में बैठेंगे, जबकि वकील अपने मामलों को अदालत में नहीं बल्कि एक अलग स्थान से बहस करेंगे।

कर्नाटक में 22 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव

कर्नाटक के भटकल में 22 साल के एक युवक का रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आया है। युवक 19 मार्च को दुबई से लौटा था। दक्षिण कन्नड़ के जिला आयुक्त सिंधु बी रूपेश ने इसकी पुष्टि की है।

दिल्ली के बाद बिहार में भी लॉकडाउन

दिल्ली के बाद बिहार सरकार ने भी बड़ा फैसला लेते हुए कल से 31 मार्च तक पूरे राज्य में लॉकडाउन का फैसला किया है। हालांकि लॉकडाउन के दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार आपके साथ है, मुझे उम्मीद है कि संकट की इस घड़ी में हम साथ मिलकर काम करेंगे। नीतीश ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कहीं भी अनावश्यक न जाएं, जहां तक हो घर में रहें। हम इस संकट का मुकाबला करने में कामयाब होंगे।

सभी सीमाएं सील

दिल्ली सरकार ने भी लॉकडाउन करने का फैसला किया है। सभी सात जिलों में लॉकडाउन कर दिया गया है। इसके अलावा सोमवार सुबह छह बजे से दिल्ली की सभी सीमाएं सील कर दी जाएंगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान सभी निजी कार्यालय भी बंद रहेंगे, लेकिन स्थाई और संविदात्मक दोनों कर्मचारियों को ऑन-ड्यूटी माना जाएगा। कंपनियों को इस अवधि के लिए अपने कर्मचारियों को वेतन देना होगा।

केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान किसी आवश्यक सेवा प्रदान करने या लाभ उठाने के लिए किसी व्यक्ति से कोई दस्तावेज या सबूत नहीं मांगा जाएगा।

दिल्ली में भी लॉकडाउन

कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए दिल्ली सरकार सभी सात जिलों को लॉकडाउन किया जाएगा। इस प्रकार देश के अन्य शहरों की तरह देश की राजधानी में भी लॉकडाउन होगा। 

यूपी में 15 जिले हुए लॉकडाउन

सीएम योगी ने कहा है कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए गोरखपुर सहित प्रदेश के 15 जिलों को लॉकडाउन किया जा रहा है। उन्होंने अपने मीडिया संबोधन में जानकारी दी कि यूपी रोडवेज की बसें न तो यूपी से बाहर जाएंगी और न ही दूसरे राज्यों की बसे इन जिलों में आ पाएंगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह लॉकडाउन 25 मार्च तक लागू रहेगा। 


लंदन से भोपाल लौटी छात्रा, कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि

लंदन से भोपाल लौटी छात्रा कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना का पहला मामला है। छात्रा लंदन में कानून की पढ़ाई कर रही थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही उसके घर को सैनिटाइज किया गया है।

नागालैंड में भी 22 मार्च से 31 मार्च तक लॉकडाउन

नागालैंड सरकार ने आदेश दिया है कि दवाई की दुकानों, पेट्रोल पंपों, किराने की दुकानों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान को 22 मार्च की मध्य रात्रि से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। अंतर-राज्यीय यात्रियों को ले जाने वाले वाहनों को 23 मार्च की मध्य रात्रि तक अनुमति दी जाएगी। 

झज्जर स्थित एम्स भवन का प्रयोग रोगियों के इलाज के लिए किया जाएगा

हरियाणा के झज्जर में स्थित 800 बेड वाले एम्स भवन का उपयोग विशेष रूप से कोविड-19 के रोगियों के इलाज के लिए किया जाएगा। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के महानिदेशक बलराम भार्गव ने इस बात की जानकारी दी है। 


Post a Comment

0 Comments